फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र के बिलारमऊ बाजार के पास स्थित राम जानकी मंदिर की जमीन, पोखरा और भीटा पर कब्जे के आरोप को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमाफियाओं ने स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से मंदिर ट्रस्ट की पुरानी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया है और रात में जेसीबी लगाकर कब्जा किया जा रहा है।
प्रधान तेज बहादुर के नेतृत्व में ग्रामीण एकत्र हुए, जिससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर फूलपुर कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को हटा दिया गया। एसडीएम ने दोनों पक्षों को तलब किया है और फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।








