मिर्जापुर। विकास खंड मिर्जापुर के सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख फिरती देवी के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के निर्देशानुसार अनुपूरक बजट तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 की प्रस्तावित कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों की कार्ययोजना प्रस्तुत की। ब्लॉक प्रमुख फिरती देवी ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि सभी की कार्ययोजनाओं को स्वीकृत कराकर गांवों में समुचित विकास कार्य कराए जाएंगे।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बलवंत यादव ने कहा कि जिन सदस्यों की कार्ययोजना किसी कारणवश छूट गई है, वे बाद में भी अपनी योजना प्रस्तुत कर सकते हैं, जिसे संबंधित विभाग को भेजकर स्वीकृति दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर प्रधान लेखाकार बृजेश चौरसिया, खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार, बिनीत सिंह, संजय यादव, परबिंद मौर्य, शैलेन्द्र मौर्य, विनोद यादव सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








