बूढ़नपुर (आजमगढ़)। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के मां श्रृंगारी बालिका इंटर कॉलेज एगडंगी कोयलसा में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल व कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।
छात्राओं ने पवन चक्की, सोलर पैनल, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण सहित कई उपयोगी और नवाचारी मॉडल प्रदर्शित किए, साथ ही उनके बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी भी दी। विद्यालय प्रबंधक डॉ. बी.के. यादव ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में आविष्कार और नवाचार की भावना विकसित होती है।
विद्यालय व्यवस्थापक आशू यादव ने छात्राओं के प्रदर्शन को काबिले-तारीफ बताया, जबकि प्रधानाचार्य सीमा यादव ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बेहतर करने के लिए प्रेरित होती हैं। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








