अटल जयंती पर 25 दिसंबर को होगा 29वां जनपद रत्न अलंकरण समारोह

By Liberal Media

Published On:

LibrralMedia
शाहजहांपुर।
राष्ट्रीय अस्मिता के सशक्त प्रतीक, ओजस्वी वक्ता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर जनपद की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 29वां जनपद रत्न अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित समारोह 25 दिसंबर 2025 को सायं 4 बजे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह, बिजलीपुरा, शाहजहांपुर में संपन्न होगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद रत्न अलंकरण समारोह का आयोजन वर्ष 1997 से निरंतर किया जा रहा है। इस समारोह का उद्देश्य जनपद शाहजहांपुर से जुड़ी उन विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर जनपद का नाम प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वर्ष 1997 से 2024 तक शिक्षा, साहित्य, कला, संगीत, खेल, अभिनय, समाजसेवा, पत्रकारिता, चिकित्सा, न्याय, प्रशासन सहित विविध क्षेत्रों की 70 से अधिक विभूतियों को जनपद रत्न सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है।
इस वर्ष गहन विचार-विमर्श एवं तथ्यों के सत्यापन के उपरांत तिलहर निवासी राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ शिव मुरारी सहाय (आईपीएस) का चयन जनपद रत्न सम्मान के लिए किया गया है। कार्यक्रम संयोजक विनोद अग्रवाल के अनुसार समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री माननीय सुरेश कुमार खन्ना होंगे।
गौरतलब है कि जनपद रत्न सम्मान उन प्रतिभाओं को प्रदान किया जाता है, जिनका जन्मस्थल अथवा कर्मस्थल जनपद शाहजहांपुर रहा हो और जिन्होंने अपनी साधना, परिश्रम एवं प्रतिभा से समाज को नई दिशा दी हो। यह आयोजन माननीय सुरेश कुमार खन्ना की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ था और पिछले लगभग तीन दशकों से जनपद की सांस्कृतिक एवं बौद्धिक पहचान का प्रतीक बना हुआ है।
विगत वर्षों में इस समारोह में अनेक केंद्रीय व प्रदेश सरकार के मंत्री, राज्यपाल, न्यायाधीश एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही है। इस वर्ष भी यह आयोजन जनपद के लिए गौरव, प्रेरणा और सम्मान का ऐतिहासिक अवसर बनने जा रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights