कलान (शाहजहांपुर)। थाना कलान क्षेत्र के ग्राम सैदापुर में एक विवाहिता की फांसी लगाकर मौत हो गई। मृतका सदावती (30) पत्नी केंद्रपाल वर्मा का शव कमरे में लगे कुंदे से रस्सी के सहारे लटका मिला, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतका के भाई उमेश वर्मा निवासी चपरा, थाना अमृतपुर (फर्रुखाबाद) ने पति केंद्रपाल वर्मा और उसकी बहन रीता पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि पति और ननद सदावती के साथ आए दिन मारपीट व प्रताड़ना करते थे। सदावती की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। घरेलू कलह के चलते वह अक्सर मायके में रहती थी।
मायके पक्ष का कहना है कि अवैध संबंधों को लेकर विवाद होता था और सदावती की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









