मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को अखिल भारतीय गोंड महासभा के पदाधिकारियों एवं गोंड जाति के लोगों ने जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर गोंड जाति का जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की।
गोंड समाज के लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक जाति प्रमाण पत्र नहीं बन सका। रानीपुर बस्ती, खिरिया भदिड़, शेखहमदपुर, बंदीकला, खालीसा सहित विभिन्न गांवों से आए करीब 50 छात्र-छात्राएं, पुरुष व महिलाएं तहसील दिवस में पहुंचे और प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग रखी।
गोंड समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश नहीं दिए गए तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान अखिल भारतीय गोंड जाति के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार गौड़ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।









