कन्नौज। जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ कन्नौज सदर तहसील में मज़ाक बनता नजर आया। जनसुनवाई के दौरान बिजली विभाग के अधिकारी फरियादियों की समस्याएं सुनने के बजाय मोबाइल पर रील देखने में व्यस्त दिखे।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण फरियादियों की संख्या कम रही, जिसका फायदा उठाकर जिम्मेदार अधिकारी कुर्सियों पर बैठे समय काटते नजर आए। वायरल वीडियो में अधिकारी घंटों मोबाइल में वीडियो देखते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिससे प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद अधिकारियों का यह रवैया ‘समाधान दिवस’ की गंभीरता को कमजोर करता दिख रहा है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।









