सिकंदरा, कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में नाइट डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी सिकंदरा प्रिया सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त और सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थलों, बस व रेलवे स्टेशनों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी रही। बिना उद्देश्य घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन किया गया और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की गई।
चार पहिया व दो पहिया वाहनों की जांच कर दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट व संदिग्ध वस्तुओं की पड़ताल की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई हुई। वहीं, हाल के महीनों में जेल से रिहा हुए आदतन अपराधियों के ठिकानों का भी सत्यापन कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान में सिकंदरा थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम सहित पुलिस बल मौजूद रहा।









