बदायूं। थाना कोतवाली पुलिस ने सर्राफा बाजार स्थित दुकान से सोने की चेन चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार हलवाई चौक स्थित मैसर्स जुगल किशोर पहलादी लाल की सर्राफा दुकान पर एक व्यक्ति चेन देखने के बहाने आया था और मौका पाकर तीन सोने की चेन चुराकर फरार हो गया था। इस संबंध में कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान पन्ना लाल पुत्र स्व. इतवारी लाल निवासी ग्राम भवानीपुर थाना उझानी के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को कांशीराम आश्रम बाईपास चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।









