हसनपुर, अमरोहा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने शुक्रवार को गंगेश्वरी ब्लॉक के गुरैठा स्थित रहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, दवा स्टॉक और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई और सुधार के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मरीजों को बाहर की दवा न लिखने और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
इसके बाद डीएम ने गाँव में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कान्हा गौशाला के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पशुओं के लिए काऊ कोट और चारे की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए और उल्लंघन करने पर कार्रवाई का निर्देश दिया। निरीक्षण में तहसील और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।









