अमरोहा। जनपद में कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। हसनपुर तहसील क्षेत्र में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया गया है, लेकिन अभिभावकों का कहना है कि केवल समय बदलना पर्याप्त नहीं है। बच्चों का कहना है कि ठंड और कोहरे में हाथ-पैर सुन्न हो जाते हैं और पढ़ाई में भी दिक्कत होती है।
अभिभावकों ने कोहरे में हादसों और बच्चों की सेहत बिगड़ने की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी से स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। अब जिलेभर के लोग डीएम के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।








