लियोनेल मेसी के कोलकाता इवेंट से नाम जोड़ने पर आपत्ति, प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप
कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दर्ज कराया है। यह मामला लियोनेल मेसी से जुड़े कोलकाता इवेंट को लेकर सामने आया है, जिसमें गांगुली का नाम कथित तौर पर विवादों से जोड़ा गया।
गांगुली ने कोलकाता के अर्जेंटीना फैन क्लब के अध्यक्ष उत्तम साहा के खिलाफ दावा दायर करते हुए कहा है कि उन्हें इस इवेंट में ‘मिडिलमैन’ के रूप में प्रस्तुत किया गया, जबकि वे कार्यक्रम में केवल एक अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। याचिका के अनुसार, इस तरह के आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा और पेशेवर साख को गहरी ठेस पहुंची है।
पूर्व कप्तान का कहना है कि बिना तथ्यों के लगाए गए आरोप न सिर्फ भ्रामक हैं, बल्कि जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की मंशा से फैलाए गए। गांगुली ने अदालत से मानहानि के साथ-साथ उचित कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।
मामले को लेकर खेल और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। अब अदालत में यह तय होगा कि आरोपों की सच्चाई क्या है और क्या गांगुली की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।













