राहुल यादव हत्याकांड में दूसरा झटका, साथी समीर उर्फ मंटू की भी इलाज के दौरान मौत
बेल्थरारोड के चर्चित राहुल यादव उर्फ आयुष हत्याकांड से जुड़े मामले में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब राहुल के करीबी साथी समीर उर्फ मंटू की भी लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। समीर की मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि समीर उर्फ मंटू पर 25 नवंबर की आधी रात मऊ जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मयारी मोड़ के पास जानलेवा हमला किया गया था। चारपहिया वाहन से आए करीब छह बदमाशों ने पहले उसकी बाइक में टक्कर मारी और फिर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की। बदमाशों ने मफलर से गला दबाकर उसे मृत समझ सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए।
हमले के वक्त समीर अपने दोस्त मोहित के साथ एक कार्यक्रम से घर लौट रहा था। इस दौरान मोहित की भी जमकर पिटाई की गई थी। गंभीर रूप से घायल समीर को पहले मऊ, फिर वाराणसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ के केजीएमसी अस्पताल रेफर किया गया। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।








