फर्जीवाड़े के मामले में सचिव-प्रधान समेत 11 पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की ताखा तहसील में मतदाता सूची और परिवार रजिस्टर में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। फर्जी दस्तावेजों के सहारे नाम दर्ज कराने के आरोप में दो ग्राम पंचायत सचिव, दो प्रधान, चार बीएलओ समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिससे जिले में हड़कंप मच गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक नंदन जाटव की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि एक ही परिवार ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टर और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर चुनाव लड़ा और प्रधान पद हासिल किया। पुलिस के साथ-साथ पंचायत राज विभाग भी मामले की गहन जांच कर रहा है।
जांच में सामने आया कि ब्लॉक ताखा की ग्राम पंचायत कुदरैल से जिलेदार सिंह प्रधान हैं, जबकि उनके पुत्र संजीव कुमार नगरिया खनाबांध से प्रधान हैं। आरोप है कि गलत अभिलेख लगाकर संजीव कुमार का नाम कुदरैल ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर में दर्ज कराया गया। पंचायत राज विभाग की रिपोर्ट के बाद कुदरैल के तत्कालीन सचिव को निलंबित कर दिया गया।








