कड़ाके की ठंड में “एक उम्मीद” बनी सहारा, जिला मुख्यालय पर चाय वितरण से मिली राहत
कानपुर देहात। बढ़ती ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से “एक उम्मीद” जन कल्याण समिति द्वारा जिला मुख्यालय परिसर में चाय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल से कर्मचारियों, दूर-दराज से आए फरियादियों और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही आशा बहुओं को ठंड से राहत मिली।
कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष चरण सिंह एवं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष प्राची कटिहार ने किया। समिति के अन्य सहयोगी भी इस दौरान मौजूद रहे। सुबह से ही जिला मुख्यालय में मौजूद लोगों को गर्म चाय वितरित की गई, जिससे ठंड में लोगों के चेहरों पर मुस्कान नजर आई।
समिति के अध्यक्ष चरण सिंह ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष दीक्षा यादव के मार्गदर्शन और प्रेरणा से किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के हित में कार्य करना ही सच्ची सेवा है और “एक उम्मीद” जन कल्याण समिति आगे भी इसी भावना के साथ जनसेवा के कार्य करती रहेगी।








