उन्नाव। नई दिल्ली–लखनऊ रेल रूट पर बड़ी रेल दुर्घटना की साजिश की आशंका से हड़कंप मच गया। मगरवारा स्टेशन के पास रेल पटरी पर सीमेंटेड स्लीपर रखे मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। घटना बीती रात करीब 8:45 बजे की है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंचीं और ट्रैक का निरीक्षण किया। एहतियातन नई दिल्ली से लखनऊ आ रही तेजस एक्सप्रेस को गंगाघाट स्टेशन पर रोक दिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे पीडब्ल्यूआई कर्मियों ने ट्रैक से स्लीपर हटाया, जिसके बाद करीब 27 मिनट बाधित रहा रेल यातायात पुनः बहाल कर दिया गया। स्टेशन मास्टर शिव बहादुर ने बताया कि अब ट्रेनों का संचालन सामान्य है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार मीणा ने कहा कि स्लीपर गिट्टी उतारने के दौरान झटके से पटरी पर आ सकता है, हालांकि अराजक तत्वों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।








