सिकंदरा (कानपुर देहात)। सिकंदरा तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाल गांव के मजरा बुढ़ना में रात के समय जेसीबी और दर्जनों ट्रैक्टरों से खुलेआम मिट्टी खनन किया जा रहा है। खनन माफिया बिना किसी डर के सक्रिय हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन कार्रवाई करने में नाकाम नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दिन में सौदे तय होते हैं और शाम ढलते ही खनन शुरू हो जाता है। एक ट्रैक्टर को महज 15 मिनट में भर दिया जाता है, जिससे एक ही रात में बड़ी मात्रा में मिट्टी निकाली जा रही है। यह मिट्टी दलालों के जरिए प्लॉटिंग करने वालों को ऊंचे दामों पर बेची जा रही है।
ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि मिट्टी लदे ट्रैक्टरों से उनकी खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। पूर्व में भी किसानों ने पुलिस व राजस्व अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे खनन माफियाओं के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।








