कानपुर देहात। मथुरा से पश्चिम बंगाल टैक्सी से यात्रा कर रही ब्राज़ील देश की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यात्रा के दौरान कुंभी पेट्रोल पंप पर टैक्सी रुकने के दौरान अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जहां उसे हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है।
परिजन व साथ मौजूद दो अन्य विदेशी यात्रियों ने महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उपचार के दौरान महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों विदेशी यात्रियों ने विदेश में अपने परिजनों को सूचना दी। साथ ही एंबेसी को जानकारी मिलने पर प्रशासन अलर्ट हो गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। कई बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।
घटना के बाद दोनों विदेशी यात्रियों की हालत घबराहट के चलते बिगड़ गई, जिनका इलाज जारी है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मामला कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र का है।








