सिकंदरा (कानपुर देहात) में मौसम में बदलाव के चलते बच्चों में सर्दी, बुखार और डायरिया के मामले सामने आ रहे हैं। सिकंदरा तहसील क्षेत्र के जल्लापुर गांव में सर्दी की चपेट में आने से दो मासूम बच्चियों की मौत के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मेहरबान की 8 वर्षीय बेटी रिजवी और अनीस की 4 वर्षीय बेटी रुबा की सर्दी से हालत बिगड़ने के बाद घर पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर राजपुर पीएचसी से चिकित्सक टीम गांव पहुंची और स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीमार बच्चों का परीक्षण किया। जांच में गांव के करीब 20 बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित मिले, जिन्हें दवाइयां दी गईं। एक बच्ची में संभावित डायरिया के लक्षण मिलने पर विशेष उपचार किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को ठंड से बचाव और बच्चों की देखभाल को लेकर जागरूक किया। पीएचसी प्रभारी डॉ. सलिल सचान ने बताया कि बीमारी फैलने की सूचना पर टीम भेजी गई है और फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।








