भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म पर हो रहे कथित प्रहार के विरोध में 18 दिसंबर को गोविंद नगर स्थित हर श्रीनाथ मंदिर से साधु-संतों, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, नमामि गंगे समिति एवं ब्राह्मण सेवा समिति के सदस्यों द्वारा शांति मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च दिल्ली स्थित झंडेवालान मंदिर की जमीन अधिग्रहण व अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध में हरि नाम संकीर्तन के साथ किया जाएगा।
इससे पूर्व 29 नवंबर 2025 को गोविंद नगर स्थित मंदिर दरगाह श्री पीर रतन नाथ जी महाराज में आयोजित प्रेस वार्ता में भक्तों ने दिल्ली नगर निगम व डीडीए की कार्रवाई पर सवाल उठाए। भक्त संजय अरोड़ा ने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद कार्रवाई किया जाना अनुचित है।
सेवादारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की। आयोजकों के अनुसार 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे महामंडलेश्वर व धर्माचार्यों के नेतृत्व में शांति मार्च निकलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, माताएं-बहनें और सेवादार शामिल होंगे।








