कानपुर देहात में विदेशी महिला की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका, फॉरेंसिक जांच शुरू

By Liberal Media

Published On:

Date:

● उदय प्रकाश
कानपुर देहात। ब्राज़ील देश की एक विदेशी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला मथुरा से पश्चिम बंगाल की ओर टैक्सी से यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार टैक्सी कुंभी क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने के लिए रुकी थी। इसी दौरान महिला को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश हो गई। टैक्सी चालक और साथ मौजूद दो अन्य विदेशी यात्रियों ने तुरंत महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उपचार के दौरान महिला को मृत घोषित कर दिया।

महिला के साथ मौजूद दोनों विदेशी यात्रियों ने घटना की सूचना विदेश में अपने परिजनों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही एम्बेसी को भी सूचित किया गया, जिसके बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है, लेकिन चूंकि मामला विदेशी नागरिक से जुड़ा है, इसलिए हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर गहन पड़ताल शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद दोनों विदेशी यात्रियों की हालत भी घबराहट के चलते बिगड़ गई, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यात्रा से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights