तालाब में तैरता मिला शव, मृतक की हुई पहचान, पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम को

By Liberal Media

Published On:

Date:

राधाकृष्ण गुप्ता
कलान/शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव कुदरासी स्थित तालाब में सोमवार शाम करीब पांच बजे एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना कलान पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम को भी बुलाया।पुलिस के अनुसार शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। जांच-पड़ताल के दौरान मृतक की पहचान मुकेश पुत्र श्रीराम (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम नयागांव कुदरासी के रूप में हुई।

मृतक के चचेरे भाई और मौसेरे भाई ने पुलिस को बताया कि मुकेश रविवार रात से लापता थे, जिनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों के अनुसार मुकेश को शराब पीने की आदत थी। आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में तालाब के किनारे से गुजरते समय पैर फिसलने के कारण वह तालाब में गिर गए हों। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

मृतक की भाभी ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि मुकेश की पत्नी राजेश्वरी और उनके दोनों बेटे पानीपत में रहते हैं, जहां वे मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजर-बसर करते हैं। मृतक के दो पुत्र हैं , नंदू (18 वर्ष) और मोहित (16 वर्ष)। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights