सिकंदरा, कानपुर देहात में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण व नगरीय इलाकों में राह चलते लोग इनके हमलों का शिकार हो रहे हैं। राजपुर पीएचसी में रोजाना 15 से 20 लोग कुत्ते या बंदर के काटने के बाद एआरवी इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं, जबकि पूरे क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में यह संख्या 50 से अधिक बताई जा रही है।
राजपुर कस्बा सहित खासबरा, रसधान, शाहजहांपुर, रुरगांव, सट्टी और अफसरिया गांवों में आवारा कुत्तों का भय बना हुआ है। वहीं थाना, ब्लॉक, पुलिस चौकी और पीएचसी परिसर में बंदरों के झुंड से लोग खासे परेशान हैं। समस्या को देखते हुए नगर पंचायत ने कुत्तों और बंदरों को पकड़ने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। नगर पंचायत ईओ नीति त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही टेंडर के माध्यम से बंदर पकड़ने की कार्रवाई कराई जाएगी।








