शाहजहाँपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, शाहजहाँपुर में आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘इम्पल्स 4.0’ का समापन भव्य और उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। एमबीबीएस बैच 2022 के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस आयोजन में रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह अपनी पत्नी सहित उपस्थित रहे। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा अपनी पत्नी के साथ तथा आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी.के. अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आयोजन क्षमता की सराहना की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा अपने व्यस्ततम कार्यक्रम से समय निकालकर छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण बैच 2022 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत थीम आधारित फैशन एक्ट रहा। ‘मिस्र के देवता बनाम यूनानी देवता’ की अनूठी थीम पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा विद्यार्थियों ने मनमोहक गायन एवं नृत्य प्रस्तुतियों से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं बैच 2024 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत संगीत नाटक को भी दर्शकों से विशेष सराहना मिली।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार एवं अन्य संकाय सदस्यों ने बैच 2022 के विद्यार्थियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस प्रकार ‘इम्पल्स 4.0’ हर्षोल्लास, ऊर्जा और अविस्मरणीय यादों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।








