कानपुर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने विकास खंड कल्याणपुर के लोधर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लंबे समय से बंद रहने पर कड़ा संज्ञान लिया है। निरीक्षण के दौरान सुबह 11 बजे केंद्र बंद मिलने पर ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि केंद्र लगभग दो माह से संचालित नहीं हो रहा है।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर केंद्र चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की उपस्थिति की जांच, नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में कोई परेशानी न हो।








