लोकसभा के शीतकालीन सत्र में गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने शून्यकाल के दौरान कानूनों के दुरुपयोग और फ़र्जी मुक़दमों के बढ़ते मामलों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि जनहित में बनाए गए अनेक कानून अब बड़े पैमाने पर गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहे हैं, जिससे निरपराध नागरिक मानसिक और आर्थिक दोनों रूप से पीड़ित हो रहे हैं।
सांसद ने जोर देकर कहा कि फ़र्जी मुक़दमों की संख्या बढ़ने से न्यायालयों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और सामाजिक वैमनस्य भी गहराता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में झूठी शिकायतें दर्ज कराने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए और जहां जांच एजेंसियां झूठे मामलों की पहचान में विफल रहती हैं, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
रवि किशन ने कहा कि ऐसे ठोस कदम निर्दोष लोगों को राहत देंगे और न्याय व्यवस्था पर अनावश्यक बोझ कम करेंगे। उन्होंने सरकार से इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई की अपील की।














