गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद (एमपीएसपी) के शताब्दी वर्ष 2032 तक शिक्षा, चिकित्सा, सेवा और योग से जुड़ी 100 संस्थाएं संचालित करने तथा परिषद में एक लाख विद्यार्थियों को शिक्षा व स्किल से जोड़ने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है।
परिषद के 93वें संस्थापक सप्ताह के बाद आयोजित बैठक में सीएम योगी ने सभी संस्थाओं को अभी से शताब्दी वर्ष (10 दिसंबर 2031–10 दिसंबर 2032) के भव्य आयोजन की तैयारी शुरू करने को कहा। साथ ही 100 ‘मॉडल बस्तियां’ अपनाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिषद की प्रत्येक संस्था वैश्विक प्रतिस्पर्धा से जुड़े, अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाए और विद्यार्थियों को स्किल आधारित शिक्षा देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाए।








