35 लाख की जीएसटी ठगी का बड़ा खुलासा: जलालाबाद में दो व्यापारी बेनकाब, पुलिस ने आरोपी प्रशांत गुप्ता को लिया हिरासत में

By Liberal Media

Published On:

Date:

जलालाबाद शाहजहांपुर। नगर में जीएसटी और इनकम टैक्स चोरी का अंधेरा खेल आखिरकार उजागर हो गया। 35 लाख रुपये हड़पने के मामले में जलालाबाद के व्यापारी प्रशांत गुप्ता और सूर्यांश गुप्ता का नाम सामने आते ही हड़कंप मच गया। बरेली के देवचरा के व्यापारी दीपक शर्मा पैसे की मांग करते-करते इतने परेशान हुए कि मौके पर ही गश खाकर गिर पड़े, जिससे हड़कंप मच गया। भीड़ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और हालात बिगड़ते देख कोतवाल राजीव कुमार तोमर मौके पर पहुंचे।

दीपक शर्मा ने बताया कि उनकी राघव ट्रेडर्स आढ़त के जरिए इन दोनों व्यापारियों ने चावल और अन्य माल का फर्जी बिल बनाकर 35 लाख रुपये का लेनदेन दिखाया, जिसके एवज में उन्होंने पूरी रकम प्रशांत गुप्ता के खाते में जमा कर दी। लेकिन जैसे ही रकम खाते में आई, लालच के नशे में चूर प्रशांत गुप्ता ने न केवल पैसा लौटाने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि रकम किसी तीसरे के खाते में ट्रांसफर कर दी। कई बार समझाने, फोन करने और बातचीत करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में पंचायत में भी किए वादे से पलट गया।

स्थिति तब और बिगड़ी जब पंचायत के बाद भी पैसे न मिलने पर दीपक शर्मा बेहोश होकर गिर पड़े। भीड़ उमड़ पड़ी, तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मामला गंभीर रूप ले गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली में बुला लिया। वहां मौजूद कई व्यापारियों ने भी खुलकर कहा कि प्रशांत गुप्ता पर 35 लाख रुपये बकाया हैं, लेकिन आरोपी अपनी ही बात से मुकर गया और बचने के लिए फर्जी कागजात लहराने लगा।

कोतवाली में घंटों चली पूछताछ के बाद जब कोई हल नहीं निकला, तो पुलिस ने आखिरकार आरोपी प्रशांत गुप्ता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राजीव कुमार तोमर ने कहा कि लेनदेन के सभी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने लाएंगे।

जलालाबाद में यह घटना चर्चा का विषय बन चुकी है, क्योंकि जीएसटी चोरी के खेल में यह दोनों व्यापारी पहले भी चर्चा में रहे हैं। जीएसटी टीम ने इनके ठिकानों पर छापे भी मारे थे। अब यह नया खुलासा व्यापारियों के बीच आग की तरह फैल रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights