गोरखपुर। दुष्कर्म में फंसाकर रंगदारी मांगने वाले गैंगस्टर विकास कुमार सिन्हा गिरोह की सक्रिय सदस्य हेमंती पटेल को पीपीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की एक साथी गीता सिंह भी पकड़ी गई थी, पर गिरफ्तारी पर स्टे होने से छोड़ा गया।
सूत्रों के मुताबिक गिरोह के सरगना विकास सिन्हा और उसकी करीबी गीता ने कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। यह गिरोह पहले भी जालसाजी और फर्जी दुष्कर्म मुकदमों के जरिए रंगदारी वसूली में लिप्त रहा है।
चिलुआताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज केस में 27 जनवरी 2025 को विकास को गिरोह का सरगना घोषित किया गया था, जबकि हेमंती पटेल, रेखा सिंह, गीता सिंह और राकेश सिंह सक्रिय सदस्य बताए गए थे।
जांच में सामने आया कि विकास ने जेल में रहकर 40 लाख की ठगी की थी। वहीं सैबा अनवार नामक महिला ने सबूत जुटाकर गिरोह की पोल खोली और अपने पति को फर्जी दुष्कर्म केस से छुड़ाने की लड़ाई लड़ी।
पुलिस आरोपी हेमंती को कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज चुकी है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।








