शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रमाकांत उपाध्याय ने बुधवार को शाहजहांपुर का दौरा कर कई गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश के रख-रखाव, चारा-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ने सबसे पहले कांट की गौशाला का निरीक्षण किया। इसके बाद मदनापुर ब्लॉक के ग्राम चन्दोखा स्थित गौशाला पहुंचे, जहां कुछ गौवंश कमजोर और कुपोषित स्थिति में मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मौके से ही खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि गौवंश को पर्याप्त हरा चारा, भूसा और पौष्टिक पशु आहार नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि गौ सेवा में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद राज्य मंत्री ग्राम ढका पहुंचे, जहां समाजसेवी राजवीर सिंह द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। यहां गौवंश स्वस्थ स्थिति में मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने राजवीर सिंह द्वारा की जा रही गौ-आधारित प्राकृतिक एवं जैविक खेती का भी निरीक्षण किया और इसकी सराहना की। उन्होंने किसानों से रासायनिक खादों का प्रयोग कम कर गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की।
दौरे के दौरान राज्य मंत्री ने कटरा, तिलहर और निगोही क्षेत्र की गौशालाओं का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में स्वच्छता, पर्याप्त चारा, शीतल पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय टीम, आरएसएस गौ सेवा कार्यकर्ता दिलीप शर्मा, संतोष कुमार और सजीव सिंह सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं पुलिस बल मौजूद रहा। शाहजहांपुर की गौशालाओं का निरीक्षण पूरा करने के बाद राज्य मंत्री पीलीभीत के लिए रवाना हो गए।










