शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विकास भवन सभागार में जनपद की सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 18 सड़कों पर हॉटमिक्स का कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है, जबकि चार सड़कों पर सीसी निर्माण कार्य लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। अधिकारियों ने बताया कि वाजिद अली तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण का कार्य अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने जलकल विभाग को पाइपलाइन लीकेज की समस्या पर सतत निगरानी रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वित्त मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।









