वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय, गर्रा नदी सेतु और लोहारों वाला चौराहा का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्था से मजदूरों की संख्या बढ़ाने और 20 अगस्त तक प्रथम तल का निर्माण पूरा करने को कहा। उन्होंने भवन निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

गर्रा नदी पर निर्मित सेतु के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ₹4.24 करोड़ की लागत से सेतु को 80 सेंटीमीटर ऊंचा करने का कार्य पूरा हो चुका है और पहुंच मार्ग पर आवागमन शुरू करा दिया गया है। मंत्री ने मौसम अनुकूल होते ही बिटुमिनस कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

लोहारों वाला चौराहा पर सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए मंत्री ने विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को शीघ्र स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु हो सके। साथ ही पुरानी रेलवे लाइन वाले मार्ग को रोलर चलवाकर समतल कराने के भी निर्देश दिए, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights