शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र में युवक गौतम मौर्य की हत्या के बाद उपजे विरोध प्रदर्शन, थाना घेराव और हाईवे जाम के बीच ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।
विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नगर पंचायत में नौकरी दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी के मकान की जांच की जा रही है और यदि वह अवैध निर्माण पाया गया तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
अरविंद सिंह ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है, लेकिन आश्चर्य की बात है कि ऐसे हर मुद्दे पर सक्रिय रहने वाले कई राजनीतिक दल इस घटना पर पूरी तरह खामोश हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टियां हर मुद्दे पर बयान देती हैं, वे इस हत्याकांड पर आखिर कहां गायब हो गईं। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी विपक्षी दल की ओर से संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई।
विधायक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।









