श्रावण मास में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने पटना देवकली स्थित दैत्य गुरु शुक्राचार्य की तपोभूमि एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना भी की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम और एसपी ने मंदिर के मुख्य पुजारी अखिलेश गिरी से मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कांवड़ यात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात सुचारु रहे और जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि पूरे श्रावण मास के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखें।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights