युवक हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर गांव में युवक की चाकू मारकर हत्या के मुख्य आरोपी को तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के दौरान भागने और पुलिस टीम पर हमला करने के प्रयास में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे कमलनैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय गौतम मौर्य की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कांट निवासी समीर और उसके तीन साथियों पर हत्या का आरोप है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी समीर को मौके पर ही पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने चाकू उठाकर पुलिस टीम पर हमला किया और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में हिरासत में लिए गए अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसकी बहन के साथ हुई कथित घटना की रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights