दहेज की भूख या रिश्तों का कत्ल? स्विफ्ट कार और 10 लाख की मांग का आरोप, पति समेत पांच पर मुकदमा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। दहेज की लालच ने एक बार फिर रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर स्विफ्ट कार और 10 लाख रुपये नकद की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हयातपुरा निवासी जूही सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 24 नवंबर 2022 को सदर बाजार क्षेत्र निवासी रजत श्रीवास्तव के साथ हुआ था। उनका कहना है कि विवाह में पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नकद, जेवर और गृहस्थी का सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की दहेज की भूख शांत नहीं हुई।

पीड़िता का आरोप है कि पति रजत श्रीवास्तव, सास आशा श्रीवास्तव, ससुर कुलदीप दीपक श्रीवास्तव, देवर शुभम श्रीवास्तव और ननद संचिता श्रीवास्तव लगातार स्विफ्ट कार और 10 लाख रुपये की मांग करते रहे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, मानसिक प्रताड़ना दी गई और गर्भावस्था के दौरान घर से निकाल दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने नाराजगी जताई और उसका जीवन और अधिक कठिन बना दिया। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

विवाहिता का कहना है कि उसने पहले आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर आखिरकार महिला थाने का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights