शाहजहांपुर। मानसून पूर्व तैनाती के तहत 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने मंगलवार को माधव राव सिंधिया पब्लिक स्कूल, सदर में आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार पर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व निरीक्षक शिवकली धुर्वे ने किया, जबकि श्रीमती शालिनी प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को रक्तस्राव रोकने, सीपीआर, स्प्लिंटिंग, श्वासनली अवरोध (एफबीएओ) से निपटने, आपातकालीन निकासी, बाढ़ के दौरान उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी उपकरण तैयार करने तथा विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ टीम ने सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया, जिससे प्रतिभागियों ने आपदा की स्थिति में स्वयं और दूसरों की सहायता करने के महत्वपूर्ण कौशल सीखे।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनडीआरएफ ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को आपदा के प्रति जागरूक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।









