शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को 6 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग दुरुस्त करने, गड्ढे भरने, ढीले बिजली के तार ठीक कराने और खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ मार्ग पर संचालित सभी मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
डीएम ने अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ सेवा शिविर स्थापित करने, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, विश्राम, रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर, चेंजिंग रूम, एंबुलेंस तथा आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, दुकानों पर रेट सूची और पहचान पत्र प्रदर्शित करने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।








