आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा पहुंचकर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित शिवानी मंडपम में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
सरकार के अनुसार, इस योजना का लाभ 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रितों को मिलेगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इसे शिक्षकों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।








