150 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने खोजी भैंस, सम्मानित हुई टीम

By Liberal Media

Published On:

लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख के भतीजे की चोरी हुई भैंस को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस सफलता पर ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला ने पुलिस टीम का माला पहनाकर सम्मान किया।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को पश्चिम गांव निवासी ब्लॉक प्रमुख के भतीजे अभिषेक शुक्ला और उनके पड़ोसी की एक-एक भैंस चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर बाराबंकी निवासी राजन को जंगल मंगल चौराहे के पास गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई भैंस बरामद कर ली गई। आरोपी ने अपने साथियों दिलीप उर्फ छोटू और देवराज के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। भैंस बरामद होने पर ब्लॉक प्रमुख ने निगोहा पुलिस की सराहना करते हुए पूरी टीम को सम्मानित किया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights