परशुरामपुरी का पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकास: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक परशुरामपुरी पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से जलालाबाद का नाम बदलकर भगवान परशुराम के नाम पर परशुरामपुरी किया गया है। उन्होंने कहा कि परशुरामपुरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा और यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्य में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में परशुरामपुरी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।
दिल्ली में आंदोलन के दौरान घायल छात्रों के संबंध में पूछे गए सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्पष्ट कर चुके हैं कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है तथा पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में संभल और मुजफ्फरनगर जैसे दंगे हुए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी और किसी भी दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए गए हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights