बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के चंदाडीह गांव निवासी संदीप कुमार गोड़ ने रूस में कार्यरत कंपनी पर पिछले चार माह से वेतन नहीं देने तथा बकाया भुगतान की मांग करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। संदीप द्वारा भेजा गया एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव समेत पूरे क्षेत्र में चिंता और चर्चा का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, संदीप पिछले चार माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहा है। वायरल वीडियो में उसने दावा किया है कि वेतन मांगने पर उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही आरोप लगाया कि वहां अन्य देशों से आए मजदूरों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
वीडियो के माध्यम से संदीप ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप की अपील करते हुए सुरक्षित स्वदेश वापसी, बकाया वेतन दिलाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।
इधर, संदीप के परिजनों ने भी सरकार से मामले का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने, युवक की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उसे सकुशल भारत वापस लाने की मांग की है।








