शाहजहांपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्गठन को लेकर सुझाव मांगे गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दल 22 जुलाई तक मतदेय स्थलों के संबंध में अपनी आपत्तियां एवं सुझाव संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 2810 मतदेय स्थल हैं, जबकि पुनर्गठन के बाद प्रस्तावित मतदेय स्थलों की संख्या 2601 है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थल ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं जहां मतदाताओं को पहुंचने में सुविधा हो तथा बिजली, पेयजल, रैंप और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही राजनीतिक दलों से भी जर्जर अथवा दूरस्थ मतदेय स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








