शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से व्यापक संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, संवेदनशील क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन को यातायात नियमों के पालन, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 को देने के लिए जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।










