शाहजहांपुर। हनुमत धाम में अस्थायी रूप से ठहरे गाजियाबाद की 8वीं बटालियन एनडीआरएफ के महिला एवं पुरुष जवानों ने सुबह योग विशेषज्ञ योगाचार्य डॉ. अखण्ड प्रताप उर्फ रानू परमार्थी के निर्देशन में योगाभ्यास किया। हनुमत धाम घाट पर आयोजित सत्र में जवानों ने यौगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, दंड-बैठक, विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का अभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया।
योगाचार्य डॉ. अखण्ड प्रताप ने बताया कि यौगिक जॉगिंग और सूर्य नमस्कार से शरीर के सभी अंगों का व्यायाम होता है, जिससे शरीर लचीला, फुर्तीला और ऊर्जावान बनता है। उन्होंने कहा कि नियमित प्राणायाम करने से शारीरिक और मानसिक विकार दूर होते हैं तथा आत्मिक शक्ति का भी विकास होता है।
योगाभ्यास में एनडीआरएफ की महिला इंस्पेक्टर शिवकली, एसआई बीरेन्द्र सिंह, एएसआई धर्मेंद्र सिंह, महावीर सिंह, युद्धवीर सिंह, विजेंद्र सिंह, सोनू, विजयलक्ष्मी, मीना, बविता देओल सहित अन्य जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।









