नेपाल सीमा पर बिना पासपोर्ट-वीजा के पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं पूछताछ

By Liberal Media

Published On:

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली कोतवाली क्षेत्र में एक अमेरिकी नागरिक को बिना पासपोर्ट और वीजा के नेपाल जाने का प्रयास करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया है। युवक से विभिन्न एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसके बयान बार-बार बदलने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह भगवानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या-516 के पास एक विदेशी नागरिक पगडंडी मार्ग से भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम सैम ब्राउन (32 वर्ष) निवासी कैलिफोर्निया, अमेरिका बताया। उसके पास न तो पासपोर्ट मिला और न ही कोई अन्य दस्तावेज, जिससे उसकी नागरिकता या वैध यात्रा की पुष्टि हो सके।

पूछताछ में उसने बताया कि वह अब तक लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है। भारत आने से पहले वह मई माह में बाली गया था। उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने तथा अमेरिकी नेवी एवं स्पेशल फोर्सेज में छह वर्ष तक सेवा देने का दावा किया। उसके अनुसार, उसने दो वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी।

युवक ने यह भी बताया कि 8 जुलाई को वह बेंगलुरु से बस द्वारा लखनऊ पहुंचा, वहां से दूसरी बस से गोरखपुर आया और फिर टैक्सी से सोनौली बॉर्डर तक पहुंचा। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां उसके दावों का सत्यापन कर रही हैं।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हैं तथा यह पता लगाया जा रहा है कि विदेशी नागरिक बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत-नेपाल सीमा पार करने का प्रयास क्यों कर रहा था।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights