बलिया। सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरारोड के पूर्व छात्र रोहित जायसवाल का चयन भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में ग्रेड-ए अधिकारी के पद पर होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बेल्थरारोड नगर के वार्ड संख्या-12, अजीमाबाद गली निवासी एवं छोटे व्यापारी कन्हैया लाल जायसवाल के पुत्र रोहित ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह सफलता हासिल कर परिवार, विद्यालय और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शीला मिश्रा ने कहा कि रोहित की सफलता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और प्रतिभाशाली नागरिक तैयार करना है, जो देश और समाज का गौरव बढ़ाएं।
विद्यालय के निदेशक डॉ. जे.आर. मिश्रा ने कहा कि रोहित की उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोहित के संघर्ष और सफलता से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने रोहित जायसवाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।








