शाहजहांपुर, 2 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में पंचायत राज, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), जीरो पॉवर्टी, गौ संरक्षण, ग्रामीण पुस्तकालय, फैमिली आईडी, अन्नपूर्णा भवन एवं उचित दर दुकानों के आवंटन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित व्यक्तिगत शौचालय आवेदनों का निस्तारण आगामी 10 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाए। जिन आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है, उनकी प्रथम किस्त तत्काल जारी की जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक विकासखंड में एक गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए और कहा कि वह स्वयं जन चौपालों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने जर्जर सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत शीघ्र कराने तथा पूरी तरह ध्वस्त शौचालयों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। 161 ग्रामों में संचालित ग्रामीण पुस्तकालयों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने और भावलखेड़ा विकासखंड के सालिया स्थित गोवर्धन यूनिट को जल्द शुरू कराने पर भी जोर दिया।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों की ई-केवाईसी शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के आवासों पर सहजन के पौधे लगाने के लिए 9 जुलाई तक कार्ययोजना तैयार कर 16 जुलाई को पूरे जनपद में एक साथ पौधरोपण अभियान चलाया जाए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने तथा पात्र राशन कार्ड धारकों को समूहों से जोड़ने के लिए गांववार अभियान चलाने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी बनाने की प्रगति तेज करने, निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों को शीघ्र पूरा कराने तथा रिक्त उचित दर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के भी निर्देश दिए।
गौ संरक्षण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में पर्याप्त भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चारागाह भूमि पर नेपियर घास की बुवाई कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के लिए हरे चारे की नियमित व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









