बलिया। बेल्थरारोड तहसील में सोमवार को एक पारिवारिक विवाद उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उभांव थाना पुलिस मऊ जनपद के एक गांव के तत्कालीन प्रधान और उनकी चचेरी साली को एसडीएम कोर्ट में पेश करने पहुंची। कोर्ट परिसर में पत्नी और तीन बेटियों की मौजूदगी के बीच भावुक दृश्य देखने को मिला।
पुलिस के अनुसार, युवती के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी को तत्कालीन प्रधान बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों को बरामद किया। पूछताछ में दोनों के बालिग होने और अपनी मर्जी से साथ रहने की बात सामने आने पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत एसडीएम शरद चौधरी की अदालत में प्रस्तुत किया।
इस दौरान कोर्ट परिसर में तत्कालीन प्रधान की पत्नी अपनी तीनों बेटियों के साथ पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्नी ने पति के पैर पकड़कर घर लौटने की गुहार लगाई। लगातार रोने के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद वहां मौजूद महिला अधिवक्ताओं ने उन्हें संभाला। तीनों बेटियां भी फूट-फूटकर रोती रहीं, जिससे अदालत परिसर का माहौल भावुक हो गया।
चूंकि दोनों वयस्क हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से साथ रहने की बात कही, इसलिए एसडीएम कोर्ट ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सशर्त जमानत प्रदान कर दी।
यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, युवती के पिता की शिकायत और अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।








