शाहजहांपुर। हनुमत धाम परिसर में समाजसेवी दीपक शर्मा के नेतृत्व में पंचवटी पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखने वाले पीपल, बरगद, बेल, आंवला और अशोक के पौधों का विधिवत रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर दीपक शर्मा ने कहा कि पंचवटी केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इन पांच पवित्र वृक्षों का रोपण आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अनिल बाजपेयी ‘बाण’ ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब उनकी नियमित देखभाल भी की जाए। उन्होंने लोगों से प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजसेवियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।








